24 घंटे में Immunity Boost? जानिए Fake Health Tips बनाम असली Science

हर दिन सुबह उठकर हम अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में व्यस्त हो जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी एक पल के लिए सोचा है कि इस पूरे समय हमारे आसपास की हवा में, बस या ट्रेन के हैंडल पर, या खाने-पीने में करोड़ों अदृश्य दुश्मन घूम रहे हैं? ये कुछ और नहीं, बल्कि छोटी छोटी वायरस, बैक्टीरिया और तरह-तरह के जर्म्स हैं। इतने सारे जर्म्स के लगातार हमले के बावजूद आखिर हम रोज़ बीमार क्यों नहीं पड़ते? इसका इकलौता कारण है हमारे शरीर का अपना डिफ़ेंस सिस्टम, जिसे साइंस की भाषा में इम्यून सिस्टम कहते हैं।

लेकिन आज के डिजिटल दौर में इंटरनेट या सोशल मीडिया खोलते ही स्वस्थ से जुड़े तरह-तरह के लुभावने विज्ञापन दिखाई देते हैं। जैसे–सिर्फ 24 घंटे में इम्युनिटी दोगुनी करने का घरेलू तरीका, रातों-रात रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला जादुई ड्रिंक, या यह खास चीज़ खाकर 100% बीमारी से दूर रहें। सच बात ये है के सही साइंटिफिक जानकारी न होने की वजह से ऐसे गलत दावों के पीछे भागकर बहुत से लोग रोज़ अपनी सेहत का अनजाने में ही नुकसान कर बैठते हैं। पहले जान लेते है इस मार्केट के बारे में ।

भारत में फेक इम्युनिटी बूस्टर्स का जाल और करोड़ों का बाज़ार

भारत में रातों-रात इम्युनिटी बढ़ाने के इन झूठे दावों के खिलाफ सरकारी और रेगुलेटरी संस्थाएं लगातार सख्त कदम उठा रही हैं। Advertising Standards Council of India (ASCI) की हालिया सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पहचाने गए कुल भ्रामक विज्ञापनों या मिस्लीडिंग एड्स का लगभग 21% हिस्सा हेल्थकेयर और हेल्थ सप्लीमेंट्स सेक्टर का है, जिनमें से अधिकतर दावे फेक इम्युनिटी से जुड़े हैं। Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने अपने 2024-25 के विशेष क्रैकडाउन ड्राइव और लैब टेस्ट के ज़रिए ऑनलाइन और ऑफलाइन बाज़ारों में कई ऐसे खतरनाक तत्व वाले बिना मंज़ूरी के इम्युनिटी बूस्टर्स पकड़े हैं, जिनमें जल्दी असर दिखाने के लिए चुपके से नुकसानदायक केमिकल्स या स्टेराइड्स मिलाए जा रहे थे।

इसके अलावा, सोशल मीडिया पर पेड इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल करके जो भ्रामक प्रचार चलाया जा रहा है, उस पर Central Consumer Protection Authority (CCPA) काफी एक्टिव होकर काम कर रही है। CCPA ने ऐसे झूठे विज्ञापनों के लिए कई बड़े ब्रांड्स और प्रमोटर्स पर भारी जुर्माना और नोटिस जारी किया है। लोगों की बीमारी के डर और जानकारी की कमी का फायदा उठाकर यह फेक बिज़नेस किस तेज़ी से फैला है, इसका सबूत IMARC Group और ASSOCHAM की हालिया मार्केट रिपोर्ट में मिलता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में भारत में न्यूट्रास्यूटिकल्स और डाइट्री सप्लीमेंट्स बाज़ार का साइज़ 4.8 बिलियन यूएस डॉलर था, जो इन भ्रामक विज्ञापनों के असर से 2025-26 तक उछलकर लगभग 8.5 से 10 बिलियन यूएस डॉलर तक पहुँच गया है।

मेडिकल साइंस साफ तौर पर कहती है कि इम्यून सिस्टम किसी कमरे के लाइट स्विच जैसा नहीं है कि दबाया और तुरंत ऑन हो गया। यह हमारे शरीर के अंदर दिन-रात काम करने वाला एक बहुत ही पेचीदा, व्यवस्थित और सटीक सिक्योरिटी सिस्टम है। तो चलिए जान लेते है उस सिस्टम के बारे में ।

फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस: शरीर का बाहरी किला

किसी भी जर्म्स के शरीर में दाखिल होने से पहले हमारा नेचुरल डिफेंस बैरियर उसे बाहर ही रोकने की पूरी कोशिश करता है । जिनमें से पहला है स्किन, यह रोगाणुओं को सीधे खून या अंदरूनी सेल्स में घुसने से रोकने वाली मुख्य दीवार है। दूसरी है म्यूकस मेम्ब्रेन जो नाक और सांस की नली की गीली-चिपचिपी परत, ये सांस के साथ आने वाली धूल और वायरस को वहीं चिपकाकर रोक लेती है। तीसरा है पेट का एसिड, अगर खाने के साथ कोई जर्म्स पेट में चला भी जाए, तो पेट में मौजूद स्ट्रॉन्ग एसिड उसे तुरंत खत्म कर देता है। चौथी है एंजाइम्स हमारी आँखों के आँसू और मुँह की लार में मौजूद खास तत्व (जैसे: लाइसोज़ाइम), जो नुकसानदायक बैक्टीरिया को मार गिराते हैं।

अंदरूनी स्पेशल फोर्स: रोगाणुओं के शिकार की साइंस

अगर कोई ताकतवर रोगाणु बाहरी दीवार को पार करके शरीर के अंदर पहुँच जाता है, तब हमारी खून में मौजूद खास सेना यानी व्हाइट ब्लड सेल्स काम शुरू करती है। इस अंदरूनी सुरक्षा में सबसे पहले मैक्रोफेज (Macrophage) यानी हमारी गश्ती टीम आगे आती है, जो किसी भी अनजाने रोगाणु को देखते ही निगलकर खत्म कर देती है।

अगर मैक्रोफेज अकेले उसे काबू में न कर पाए, तो इशारा टी-सेल्स (T-Cells) के पास जाता है, जो रोगाणु से संक्रमित शरीर की सेल्स की पहचान करके उन्हें खत्म कर देती है। वहीं लंबे समय की सुरक्षा के लिए बी-सेल्स (B-Cells) मैदान में उतरती हैं; ये जर्म्स की बनावट को समझकर एंटीबॉडीज (Antibodies) बनाती हैं, जिससे वह रोगाणु बेअसर हो जाता है। बी-सेल्स उस रोगाणु की जानकारी को हमेशा के लिए अपनी मेमोरी में सेव कर लेती हैं, ताकि भविष्य में कभी उसकी दोबारा हमला होने पर उसे तुरंत हराया जा सके।

इंटरनेट पर फैले इम्युनिटी से जुड़े 3 आम भ्रम और असली साइंस

इंटेरनेट पर फैले गलत दावे लोगों को कैसे भ्रमित करते हैं, यह इन तीन आम बातों की साइंटिफिक जांच से समझ आ जाता है ।

मिथ 1: "कोई खास जूस या सप्लीमेंट पीकर रातों-रात इम्युनिटी बूस्ट की जा सकती है।"

असली साइंस: साइंस के नज़रिए से इम्युनिटी को अचानक बिना कंट्रोल के बढ़ाना या 'बूस्ट' करना बहुत खतरनाक है। अगर शरीर का इम्यून सिस्टम अचानक ज़रूरत से ज़्यादा एक्टिव हो जाए, तो वह गलती से शरीर की अपनी ही स्वस्थ सेल्स को दुश्मन समझकर उन पर हमला करने लगता है। इसे साइंस में ऑटोइम्यून डिसीज़ (Autoimmune Disease) कहते हैं। इसलिए इम्युनिटी को अचानक बढ़ाना नहीं, बल्कि सही बैलेंस में रखना ज़रूरी है।

मिथ 2: "बुखार आना या शरीर में हल्की सूजन होना मतलब शरीर का कमज़ोर होना है।"

असली साइंस: बुखार आना या शरीर का कोई हिस्सा लाल होकर सूज जाना कमज़ोरी की निशानी नहीं है; बल्कि यह आपके डिफ़ेंस सिस्टम के एक्टिव होने का सबूत है। ज़्यादातर नुकसानदायक जर्म्स ज़्यादा तापमान में ज़िंदा नहीं रह पाते, इसलिए शरीर खुद अपना तापमान बढ़ाकर उन्हें मारता है। ऐसे में हल्के बुखार से घबराकर डॉक्टर की सलाह के बिना मनमर्जी से एंटीबायोटिक्स खाना सही नहीं है।

मिथ 3: "सिर्फ बाज़ार में मिलने वाली दवाओं से ही इम्युनिटी बनती है।"

असली साइंस: बाज़ार में बिकने वाले किसी भी जादुई टॉनिक, सीरम या टैबलेट से परमानेंट इम्युनिटी नहीं बन सकती। एक मजबूत इम्यून सिस्टम लंबे समय तक सही लाइफस्टाइल अपनाने से ही विकसित होता है।

साइंटिफिक तरीके से इम्यून सिस्टम मजबूत करने के नियम

बिना किसी फेक नुस्खे के चक्कर में पड़े भी आसानी से साइंटिफिक तरीकों से शरीर को अंदर से मजबूत बनाया जा सकता है ।

पर्याप्त गहरी नींद: जब हम गहरी नींद में होते हैं, तब हमारा शरीर साइटोकाइन नाम का खास प्रोटेक्टिव प्रोटीन बनाता है। यह साइटोकाइन किसी भी इन्फेक्शन और सूजन से लड़ने में मदद करता है। इसलिए हर इंसान के लिए रोज़ाना 7 से 8 घंटे की नींद बहुत ज़रूरी है।

आंतों और पेट की देखभाल (Gut Health): जानकर हैरानी होगी कि हमारे इम्यून सिस्टम का लगभग 70% हिस्सा सीधे हमारी आंतों पर निर्भर करता है! हमारे पेट में करोड़ों फायदेमंद बैक्टीरिया रहते हैं जिन्हें मिलाकर गट माइक्रोबायोम कहा जाता है। इन्हें सेहतमंद रखने के लिए रोज़ाना हरी सब्ज़ियाँ, फल और फाइबर से भरपूर खाना खाना बहुत ज़रूरी है। अक्सर भारतीय डॉक्टर्स हमें हरी सब्जियाँ खाने की सलाह देते हैं, लेकिन लोग अक्सर इस उलझन में पड़ जाते हैं कि कौन-सी सब्ज़ियाँ कच्ची खाएं और कौन-सी पकाकर। भारत के गर्म मौसम और बैक्टीरिया के खतरे को देखते हुए हरी पत्तेदार सब्ज़ियों को पकाकर खाना ही परंपरा और सेहत के लिहाज़ से सही माना गया है। लेकिन अगर आप आंतों की अच्छी सेहत के लिए कच्ची हरी सब्ज़ियाँ (सैलड के रूप में) खाना चाहते हैं, तो भारतीय बाज़ार में भी बेहतरीन ऑप्शंस मौजूद हैं–जैसे खीरा, धनिया-पुदीना पत्ती, मूली के कोमल पत्ते, हरी शिमला मिर्च, ताज़ा हरी मटर और अंकुरित मूंग (Sprouts) इत्यादि। बस ध्यान रखें कि किसी भी हरी सब्ज़ी को कच्चा खाने से पहले उसे नमक या सिरके वाले पानी में 10 मिनट भिगोकर अच्छी तरह धो ज़रूर लें।

मानसिक तनाव कम करना: बहुत ज़्यादा स्ट्रेस लेने से शरीर में कोर्टिसोल नाम के हार्मोन का लेवल बढ़ जाता है। खून में कोर्टिसोल का लेवल लगातार ज़्यादा रहने से व्हाइट ब्लड सेल्स या टी-सेल्स की काम करने की क्षमता घट जाती है। इसलिए रोज़ हल्का व्यायाम करें और तनावमुक्त रहने की को शिश करें।

आखरी बात

हमारा यह मानव शरीर कोई मशीन नहीं है कि बाहर से कोई केमिकल या जादुई सिरप पीकर एक ही दिन में इसकी इम्युनिटी को बदला जा सके। इंटरनेट के भ्रामक विज्ञापनों या सोशल मीडिया के लुभावने दावों के जाल में फँसने के बजाय अपने शरीर की नेचुरल साइंस पर भरोसा रखें। पौष्टिक खाना, सही नींद और हेल्दी लाइफस्टाइल ही इम्युनिटी को सही रखने का साइंटिफिक तरीका है। और अगर कभी आपको लगता है कि शरीर में किसी न्यूट्रिशन की कमी है या दवा की ज़रूरत है, तो खुद कोई फैसला लेने या विज्ञापनों से प्रभावित होने के बजाय हमेशा किसी रजिस्टर्ड डॉक्टर से सलाह लें और उनकी सलाह पर ही सप्लीमेंट्स का इस्तेमाल करें।