अच्छी नींद ही बेहतर जीवन: जानिए देर रात जागने के वैज्ञानिक खतरे

देर रात तक जागना मेहनत नहीं, बल्कि दिमाग के लिए एक धीमा ज़हर है। नींद के दौरान हमारे मस्तिष्क का कचरा-सफाई तंत्र (ग्लाइम्फैटिक सिस्टम) ब्रेन के टॉक्सिक कचरे को साफ करता है। लगातार कम सोने से न्यूरॉन्स डैमेज होते हैं, गुस्सा और स्ट्रेस बढ़ता है, तथा डिमेंशिया का रिस्क 30% तक बढ़ जाता है। आधुनिक न्यूरोसाइंस और प्राचीन ग्रंथ–दोनों मानते हैं कि हर रात 7 से 8 घंटे की नींद हमारी मेंटल और फिजिकल हेल्थ का सबसे बड़ा फ्यूल है।

रात के दो बज रहे हैं। हाथ में फोन है और स्क्रीन स्क्रॉल होती जा रही है। या फिर कल एग्जाम है और आप पूरे सिलेबस को एक ही रात में खत्म करने के दबाव में हैं। हममें से कई लोग देर तक जागने को हार्ड वर्क मानते हैं। कुछ लोग इसे दिन भर के बाद थोड़ा 'मी-टाइम'(खुद के लिए समय) चुराना समझते हैं, तो कई लोगों को लगता है कि सोना सिर्फ टाइम वेस्ट करना है। लेकिन आधुनिक न्यूरोसाइंस इस सोच को पूरी तरह से गलत मानती है।

नींद सुस्ती या आलस्य नहीं है, बल्कि यह हमारे ब्रेन की सबसे ज़रूरी ऑटो सर्विसिंग प्रोसेस करने वाली एक बायोलॉजिकल प्रक्रिया है। जब हम सो रहे होते हैं, तब दिमाग के अंदर केमिकल्स की एक ज़बरदस्त धुलाई चल रही होती है। लेकिन अगर आप लगातार देर रात तक जागते हैं, तो यह सफाई रुक जाती है और दिमाग में ज़हरीला कचरा जमा होने लगता है।

देर रात तक जागने से जुड़े बड़े मिथ और उनकी सच्चाई

देर तक जागने को लेकर हमारे समाज में कई गलतफहमियां फैली हुई हैं। सबसे बड़ा भ्रम यह है कि कम सोकर भी बॉडी को एडजस्ट किया जा सकता है। हकीकत यह है कि पूरी दुनिया में 0.01% से भी कम लोगों में यह क्षमता होती है। 2009 और 2019 में यूएसए की 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन फ्रांसिस्को' (UCSF) के साइंटिस्ट्स ने 'Science' और 'Neuron' जर्नल में खुलासा किया कि इन चुनिंदा लोगों में 'DEC2' या 'ADRB1' नाम का रेयर जेनेटिक म्यूटेशन होता है, जो उन्हें कम सोकर भी स्वस्थ रखता है। बाकी 99.9% लोगों के लिए कम सोना धीमा ज़हर है, जिससे ब्रेन का एफिशिएंसी लेवल (कार्यक्षमता) घटता है और इंसान को इसका अहसास भी नहीं होता।

दूसरा बड़ा भ्रम चाय या कॉफी पीने को लेकर है। वास्तव में कैफीन दिमाग की थकान दूर नहीं करता, बल्कि यह बस थकान का सिग्नल देने वाले कुदरती केमिकल 'एडेनोसिन' (Adenosine) को ब्लॉक कर देता है। यह आपके दिमाग को बस धोखा देता है, लेकिन नींद की तरह कचरा साफ करने में पूरी तरह फेल रहता है।

तीसरा भ्रम यह है कि पूरे हफ्ते की नींद की कमी वीकेंड पर पूरी की जा सकती है। हमारी बॉडी में 'सर्केडियन रिदम' नाम की एक कुदरती बायोलॉजिकल क्लॉक होती है, जो रात के अंधेरे में 'मेलाटोनिन' हॉर्मोन बनाती है। दिन में या वीकेंड पर ज़्यादा सोकर आप इस 'स्लीप डेट' यानि नींद के कर्ज़ को कभी नहीं चुका सकते।

ग्लाइमफैटीक सिस्टम: रात में चालू होने वाली ब्रेन की वॉशिंग मशीन

2013 में अमेरिका के न्यूयॉर्क के 'यूनिवर्सिटी ऑफ रोचेस्टर मेडिकल सेंटर' की डॉ. माइकेन नेडरगार्ड ने 'Science' जर्नल में एक बड़ी रिसर्च पब्लिश की। उन्होंने पाया कि ब्रेन के पास अपना एक कुदरती ड्रेनेज सिस्टम यानी कचरा-सफाई तंत्र (Glymphatic System) है। जब हम डीप स्लीप में होते हैं, तो ब्रेन सेल्स लगभग 60% तक सिकुड़ जाते हैं।

इसके बाद 2019 में 'बोस्टन यूनिवर्सिटी' के शोधकर्ताओं की रिसर्च 'Science' जर्नल में सामने आई। इसमें देखा गया कि गहरी नींद के दौरान हर 20 सेकंड में 'सेरेब्रोस्पाइनल फ्लूइड' (मस्तिष्क का तरल पदार्थ) की बड़ी-बड़ी लहरें आती हैं, जो दिमाग में जमा होने वाले 'बीटा-अमाइलॉइड' जैसे टॉक्सिक प्रोटीन्स को बहाकर बाहर निकाल देती हैं। अगर आप रात में जागते हैं, तो यह वॉशिंग मशीन बंद रहती है और दिमाग में ज़हरीले कचरे की परतें जमने लगती हैं।

जब दिमाग खुद को ही खाने लगता है

रात जागने का नुकसान सिर्फ थकान तक सीमित नहीं है। 2017 में इटली की 'मार्शे पॉलिटेक्निक यूनिवर्सिटी' के डॉ. मिशेल बेलेसी ने 'Journal of Neuroscience' में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने पाया नींद की कमी होने पर दिमाग की 'एस्ट्रोसाइट्स' (Astrocytes) नाम की सफाईकर्मी कोशिकाएं भटक जाती हैं। नॉर्मल दिनों में ये सेल्स दिमाग की सफाई करती हैं, लेकिन नींद न मिलने पर ये ओवर-एक्टिव होकर हेल्दी न्यूरॉन्स के जॉइंट्स यानी नसों के जोड़ों को ही खाना शुरू कर देती हैं।

इसके अलावा, 2019 में 'यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग' की एक स्टडी 'Anaesthesia' जर्नल में पब्लिश हुई। यह रिसर्च वहां के डॉक्टरों पर किया गया जो बताती है कि सिर्फ एक रात जागकर काम करने से ब्लड सेल्स में 'डीएनए का टूटना' (DNA Double-strand Break) बढ़ जाता है, जिससे शरीर का नैचुरल रिपेयर सिस्टम कमज़ोर पड़ जाता है।

गुस्सा, पैनिक और डिसीजन लेने की क्षमता पर असर

कम सोने पर आपका मूड और इमोशनल बैलेंस तुरंत बिगड़ जाते हैं। यूएसए की 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले' के न्यूरोवैज्ञानिक डॉ. मैथ्यू वॉकर ने 2007 की अपनी रिसर्च और 2017 की बुक 'Why We Sleep' में इसका रीजन बताया है। नींद पूरी न होने पर लॉजिक और सही डिसीजन लेने वाला दिमाग का अगला हिस्सा 'प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स' ढीला पड़ जाता है, जबकि डर और गुस्से को कंट्रोल करने वाला सेंटर 'अमिगडाला' 60% ज़्यादा भड़क उठता है। यही वजह है कि कम नींद में कोई स्टूडेंट ज़रा से स्ट्रेस में पैनिक कर जाता है या फिर दूसरों के नॉर्मल चेहरे को भी गुस्से भरा मान बैठता है।

17 घंटे जागना शराब के असर के बराबर और अन्य खतरे

1997 में ऑस्ट्रेलिया की 'यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ ऑस्ट्रेलिया' के न्यूरोसाइंटिस्ट्स की रिसर्च 'Nature' जर्नल में पब्लिश हुई थी। यह स्टडी बताती है कि लगातार 17 से 19 घंटे जागना ब्लड में 0.05% अल्कोहल होने के बराबर ब्रेन का स्पीड घटा देता है। वहीं 24 घंटे न सोना 0.10% अल्कोहल के बराबर असर दिखाता है, जो कई देशों में लीगल ड्राइविंग लिमिट से भी ज़्यादा है। इसके साथ ही, 2014 में 'मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी' और 'यूसी इरविन' की जॉइंट रिसर्च ('Psychological Science') के मुताबिक कम नींद में ब्रेन 'फॉल्स मेमोरी' (झूठी यादें) बनाने लगता है।

शरीर पर पड़ने वाले दूसरे बड़े खतरों में दिल से जुड़ी बीमारियां और मेंटल डिजीज शामिल हैं। 2014 में वाशिंगटन डी.सी. में 'अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी' और 'Open Heart' जर्नल में छपी दोनों रिसर्च बताती है कि स्प्रिंग सीजन में वहां जब 'डेलाइट सेविंग' की वजह से 1 घंटे की नींद कम होती है, तो अगले सोमवार को हार्ट अटैक रेट 24% बढ़ जाता है। 2019 में 'यूसी बर्कले' की रिसर्च ('Journal of Neuroscience') दर्शाती है कि नींद की कमी से ब्रेन का पेन-किलर सिस्टम बंद हो जाता है, जिससे मामूली चोट में भी सीवियर पेन फील होता है। सबसे गंभीर चेतावनी 2021 में 'यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन' की रिसर्च ('Nature Communications') देती है, जो यूके बायोबैंक के डेटा पर बेस्ड है। इसके मुताबिक 50-60 साल की उम्र में लगातार कम सोने वालों में आगे चलकर डिमेंशिया यानि याददाश्त खोने की बीमारी का ख़तरा 30% तक बढ़ जाता है।

साइंटिफिक निष्कर्ष और धर्मग्रंथों का संदेश

न्यूरोसाइंस की ये सभी रिसर्च मिलकर एक ही बात साबित करती हैं कि नींद कोई वेस्ट ऑफ टाइम नहीं, बल्कि ब्रेन का एक्टिव बायोलॉजिकल फ्यूल है। जब हम लगातार जागते हैं, तो टॉक्सिक प्रोटीन्स दिमाग में धीरे-धीरे जमा होते रहते हैं। शुरुआत में यह केवल सिरदर्द, चिड़चिड़ापन या फोकस की कमी के रूप में दिखता है, लेकिन सालों-साल यह कचरा साफ़ न होने से न्यूरॉन्स स्थायी रूप से नष्ट होने लगते हैं।

अगर आप हमारी माईथोलॉजी को देखे तो, साइंस आज जिस सच को एमआरआई स्कैन और डेटा से साबित कर रही है, वही सीख हज़ारों साल पहले दुनिया के प्राचीन ग्रंथों और दर्शनों में दी गई थी। श्रीमद्भगवद्गीता (अध्याय 6, श्लोक 17) में संतुलित आहार, सही दिनचर्या और सही नींद को दुखों से मुक्ति का साधन बताया गया है, तो चरक संहिता (सूत्रस्थान, अध्याय 11, श्लोक 35) में नींद को जीवन के तीन मुख्य स्तंभों (त्रयोपस्तंभ) में गिनाया गया है। बौद्ध दर्शन (त्रिपिटक: विनय पिटक) मन को सजग और स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त नींद को अनिवार्य मानता है। इसी तरह इस्लाम (Holy Quran: Surah An-Naba 78:9-11 / Surah Al-Furqan 25:47) में रात की नींद को थकान दूर करने और शांति पाने का ज़रिया बताया गया है, जबकि ईसाई धर्म (Holy Bible: Psalms 127:2 / Ecclesiastes 5:12) में रात भर जागने से बेहतर ईश्वर की दी गई शांतिपूर्ण नींद को माना गया है। यहाँ तक कि ग्रीक माइथोलॉजी (Homer's Iliad) में भी नींद के देवता 'हिप्नोस' को इंसानों की थकान मिटाने वाला दयालु मित्र बताया गया है।

इसलिए नींद टाइम वेस्ट या आलस्य नहीं है। यह आपकी बॉडी और ब्रेन का फ्यूल है। चाहे आप स्टूडेंट हों या वर्किंग प्रोफेशनल, गाड़ी चालक हो या गृहिणी, हर रात 7 से 8 घंटे की नींद आपकी जीवन के लिए सबसे बेहतरीन इन्वेस्टमेन्ट है।