​ट्रेडिशनल एग्जाम का अंत या नया आगाज़? AI के दौर में भारतीय परीक्षा की असली चुनौती

भारत में परीक्षा सिर्फ कागज़-कलम का खेल नहीं है। यहाँ एक अच्छे कॉलेज में एडमिशन, सरकारी नौकरी या बेहतर करियर जैसी बड़ी बातें बस कुछ घंटों के एग्ज़ाम के नतीजों पर टिकी होती हैं। लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस नए दौर में उस ट्रेडिशनल सिस्टम के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जब AI खुद कुछ ही सेकंड में परफेक्ट उत्तर लिख सकता है, तो किसी छात्र की कॉपी देखकर उसकी असली समझ का अंदाज़ा भला कैसे लगाया जाए?

यह बदलाव अब कल की बात नहीं, बल्कि आज का सच है। 2026 में ही हमारी भारतीय शिक्षा व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव दिख रहा है। अब सिर्फ रटने के बजाय इस बात पर ज़ोर दिया जा रहा है कि बच्चा क्या कर सकता है । यानी उसकी क्षमता (competency), प्रॉब्लम सॉल्विंग (problem-solving), क्रिटिकल थिंकिंग (critical thinking) और AI साक्षरता (AI literacy)। इसका सबसे बड़ा सबूत यह है कि CBSE सेशन 2026–27 से ही तीसरी से आठवीं कक्षा तक कंप्यूटेशनल थिंकिंग यानी लॉजिकल थिंकिंग और AI का नया सिलेबस शुरू करने जा रहा है।

सीधी बात है, अगर आने वाले दिनों में बच्चे अपनी ज़िंदगी में हर जगह AI का यूज़ करेंगे, और एग्ज़ाम वही पुराने रटने वाले ढर्रे पर होता रहेगा, तो पढ़ाई और असली दुनिया की ज़रूरतों के बीच एक गहरी खाई बन जाएगी।

समस्या सिर्फ AI से नकल करना नहीं है

जब भी परीक्षा में AI की बात उठती है, तो सबसे पहले लोगों के मन में चीटिंग या नकल का डर आता है। अलग-अलग AI टूल्स से उत्तर लिखवा लेना, AI का बनाया प्रोजेक्ट जमा कर देना या एग्ज़ाम हॉल में टेक्नोलॉजी का मिसयूज़ करना–ये बेशक बड़ी समस्याएँ हैं।

अगर हम ताज़ा आंकड़ों पर नज़र डालें, तो बात और भी खुलकर सामने आती है। प्राइवेट रिसर्च संस्था EY India की 2024 की 30 उच्च शिक्षा संस्थानों पर आधारित AI in Higher Education रिपोर्ट बताती है कि भारत के शहरों में लगभग 64% छात्र अब पढ़ाई और असाइनमेंट के लिए रेगुलर AI का सहारा ले रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, प्राइवेट संस्था प्रथम (Pratham Education Foundation) की 2024 की ASER रिपोर्ट एक और सच सामने लाती है। गाँव के लगभग 90% युवाओं के घर में स्मार्टफोन पहुँच चुका है। इससे डिजिटल जानकारियों तक उनकी पहुँच बेहद आसान हो गई है। लेकिन असल परेशानी सिर्फ नकल तक सीमित नहीं है; बात इससे कहीं ज़्यादा गहरी है।

अब तक हम किसे बच्चे की काबिलियत का सबूत मानते थे? अच्छी भाषा में लिखना, जानकारी सजाना, समरी बनाना, बड़ी कैलकुलेशन करना या तर्क देना। ये सारे काम AI आज चुटकियों में कर देता है। लेकिन इसका एक बहुत सुंदर और पॉजिटिव पॉइंट भी है। अब तक भारत के बहुत से बच्चे टॉपिक को समझते तो थे, लेकिन ज्यादातर बच्चे पुरानी एजुकेशन सिस्टम, सिलेबस सिलेक्शन और शिक्षकों के सही गाइडेंस के आभाव से पढ़ाई के फॉर्मल ढर्रे में उसे सही तरीके से प्रेजेंट (Output) नहीं कर पाते थे। AI अब बच्चों की इसी कमी को दूर करने और उनकी बात को सही रूप में सामने लाने का एक मजबूत ब्रिज (Bridge) बन रहा है।

बस यही बात हमारी परीक्षा प्रणाली पर सबसे बड़ा प्रेशर डाल रही है। अब सिर्फ उत्तर को सुंदर बनाकर लिख देने से मार्क्स नहीं दिए जा सकते। अगर आने वाले दिनों की परीक्षा भी सिर्फ इसी पर अटकी रही कि बच्चे को उत्तर याद है या नहीं, तो वह अपनी इम्पॉर्टेंस खो देगी। फिर चाहे बच्चा खुद रटकर लिखे या AI से बना-बनाया उत्तर दे।

वैसे, इस बड़ी मुश्किल के साथ ही भारत के पास एक नया रास्ता बनाने का भी अवसर है। AI को परीक्षा का कॉम्पिटिटर मानने के बजाय, क्यों न इसका इस्तेमाल करके एक नया सिस्टम बनाया जाए? एक ऐसा सिस्टम जहाँ रटी-रटाई कॉपी नहीं, बल्कि बच्चे की असली समझ, तर्क और प्रैक्टिकल नॉलेज को परखा जा सके।

भारत की नीति भी धीरे-धीरे उसी दिशा में आगे बढ़ रही है

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) का सबसे बड़ा कॉन्सेप्ट यही था कि बच्चों को तोते की तरह रटवाने के बजाय हुनर और क्षमता वाली शिक्षा दी जाए। यानी बच्चे ने कितना रटा है, यह ज़रूरी नहीं है। ज़रूरी यह है कि वह सोचता कैसे है, मुश्किलों का हल कैसे निकालता है और अपनी नॉलेज को प्रैक्टिकल ज़िंदगी में यूज़ कर पाता है या नहीं।

इस बदलाव की ज़रूरत को प्रथम संस्था की ASER 2023 रिपोर्ट बखूबी दिखाती है। उनके आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 14 से 18 साल के लगभग 87% बच्चे स्कूल तो जा रहे हैं। लेकिन उनमें से लगभग 25% बच्चे अपनी ही भाषा में दूसरी क्लास की किताब तक ठीक से नहीं पढ़ पाते। वहीं लगभग आधे बच्चे नॉर्मल मैथ्स का इस्तेमाल करने में पिछड़ जाते हैं। रटकर परीक्षा पास कर लेना एक बात है, लेकिन असली हुनर में यह जो बड़ी कमी है, उसी को दूर करने के लिए NEP 2020 प्रैक्टिकल पढ़ाई पर बल दे रही है।

2026 के CBSE सिलेबस में AI और लॉजिकल थिंकिंग को शामिल करना इसी पॉलिसी का एक जीता-जागता रिफ्लेक्शन है। सरकार भी AI को सिर्फ एक मॉडर्न टेक्नोलॉजी नहीं मान रही है। वह इसे हर बच्चे को उसकी अपनी स्पीड और तरीकों से सीखने और पढ़ाई की चुनौतियों को हल करने का एक असरदार ज़रिया मान रही है।

लेकिन नियम-कानून बनाना एक बात है और ज़मीन पर उन्हें लागू करना दूसरी बात। हमारे भारत में आज भी टीचर्स को सही ट्रेनिंग देना, डिजिटल ढांचा तैयार करना, इंटरनेट और कंप्यूटर पहुँचाना और अलग-अलग इलाकों के बीच के गैप को मिटाना बहुत बड़ी चुनौतियाँ हैं।

भविष्य की परीक्षा केवल ऑनलाइन परीक्षा नहीं होगी

यहाँ एक बात और ध्यान देने वाली है। भविष्य की परीक्षा का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि सबको कंप्यूटर के आगे बैठाकर AI से ही एग्ज़ाम लिया जाएगा।

आज बच्चे की पूरे साल की मेहनत का फैसला बस तीन घंटे की एक परीक्षा में हो जाता है। लेकिन आने वाले समय में यह तरीका बदल सकता है और असेसमेंट लगातार चलने वाली प्रोसेस बन सकता है। इसमें क्लास का काम, प्रोजेक्ट्स, मुश्किलों को सुलझाने की क्षमता, Presenting skills, ओरल टेस्ट और ट्रेडिशनल एग्ज़ाम्स के कॉम्बिनेशन से हर बच्चे का एक लंबा लर्निंग प्रोफाइल तैयार होगा।

इस पूरे सिस्टम में AI टीचर की जगह छीनने नहीं आया है, बल्कि उनके काम को आसान बनाने में मदद करेगा। बच्चा कहाँ अटक रहा है, किस सवाल में बार-बार गलती कर रहा है, उसके सीखने का पैटर्न क्या है–AI इन सब डेटा को समझकर टीचर को सही फीडबैक देगा। इससे परीक्षा का डर खत्म होगा और वह डराने वाली व्यवस्था बनने के बजाय सीखने का ही एक हिस्सा बन जाएगी।

भविष्य की सबसे बड़ी परीक्षा भारत का बुनियादी ढांचा होगा

इस नई व्यवस्था के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा भारत का इन्फ्रास्ट्रक्चर गैप है। एक तरफ शहर के बड़े प्राइवेट स्कूल की AI से लैस क्लासरूम है, तो दूसरी तरफ किसी दूर-दराज़ के गाँव के स्कूल में बेसिक इंटरनेट का भी न होना। अगर ये दो अलग-अलग तस्वीरें ऐसे ही साथ-साथ चलती रहीं, तो AI पर आधारित परीक्षा अमीर और गरीब के बीच एक नई सोशल और इकोनॉमिक खाई पैदा कर देगी।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की UDISE+ रिपोर्ट इस कड़वे सच को साफ दिखाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के सिर्फ 69.9% स्कूलों में कंप्यूटर और 67.4% स्कूलों में ही इंटरनेट की सुविधा है। यानी देश के लगभग एक-तिहाई स्कूलों में तो इंटरनेट का नामोनिशान तक नहीं है। ऐसे में शहर और गाँव के बच्चों के लिए एक जैसी हाई-टेक परीक्षा थोप देना, डिजिटल गैप को कई गुना बढ़ा सकता है।

ज़ाहिर है, अमीर बच्चे AI ट्यूटर और नई टेक्नोलॉजी का फायदा उठाकर आगे निकल जाएँगे। वहीं दूसरी तरफ, इंटरनेट और डिवाइस न होने से आम बच्चे पिछड़ जाएँगे। यह आज के समय का एक बहुत बड़ा सवाल बन चुका है।

इसके अलावा, बच्चों के डेटा की सिक्योरिटी और सेंसिटिविटी भी एक बड़ा मुद्दा है। अगर भविष्य का एग्ज़ाम सिस्टम बच्चे की सालों की पढ़ाई, उसके बिहेवियर और AI के इस्तेमाल का हिसाब रखेगा, तो उस डेटा का कंट्रोलर कौन होगा? अगर AI किसी बच्चे को गलत इवैल्यूएट कर दे, तो क्या उसे अपनी बात कहने का मौका मिलेगा? और अगर AI का एल्गोरिदम किसी भाषा, क्षेत्र या बैकग्राउंड के बच्चे के साथ भेदभाव करे, तो उसे कैसे सुधारा जाएगा?

यानी, भविष्य की परीक्षा की लड़ाई सिर्फ टेक्नोलॉजी अपनाने की नहीं है; बल्कि यह फेयरनेस, प्राइवेसी और अकाउंटेबिलिटी की भी लड़ाई है।

फिर 2030 या 2035 की परीक्षा कैसी हो सकती है?

भविष्य में क्या होगा, इसका सटीक दावा आज कोई नहीं कर सकता। भारत सरकार ने भी आधिकारिक रूप से कोई 2035 का ब्लूप्रिंट जारी नहीं किया है। लेकिन आज की नीतियों और टेक्नोलॉजी की स्पीड को देखकर हम कल की एक पिक्चर ज़रूर बना सकते हैं।

शायद तब बच्चे की काबिलियत सिर्फ तीन घंटे के पर्चे तक सीमित नहीं रहेगी। उसमें प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स, प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल, ओरल टेस्ट और सालों के परफॉरमेंस को जोड़ा जाएगा। एग्ज़ाम के दौरान AI खुद बच्चे का लेवल देखकर सवालों के डिफिकल्टी लेवल को चेंज कर सकेगा। यह कॉपियाँ जाँचने में टीचर्स की मदद करेगा और मुश्किल डेटा एनालिसिस को चुटकियों में आसान बना देगा।

लेकिन इन सब टेक्नोलॉजी के बावजूद अंतिम फ़ैसला हमेशा इंसानी दिमाग का ही होगा। क्योंकि असली शिक्षा का मतलब सिर्फ सही ऑप्शंस चुनना नहीं है। वह उत्तर सही क्यों है, बात की गहराई क्या है और उस सीख को असल ज़िंदगी में कैसे अप्लाई किया जाए, इसे समझना ही सच्ची पढ़ाई है।

परीक्षा का भविष्य Exam बनाम AI नहीं है

सीधी सी बात यह है कि AI के आने से परीक्षा खत्म नहीं होगी, और न ही इसे खत्म होना चाहिए। बल्कि परीक्षा का मकसद और तरीका पूरी तरह बदल जाएगा।

AI के दौर में ऐसे रटे-रटाए सवाल बेकार हो जाएँगे जिनका जवाब कोई मशीन सेकंडों में दे सकती है। उसकी जगह ऐसे असेसमेंट को प्रायोरिटी मिलेगी जहाँ बच्चे को अपने जवाब की वजह बतानी होगी। उसे रियल लाइफ प्रॉब्लम्स का हल ढूँढना होगा और अपने फैसलों को सही साबित करना होगा। भले ही बच्चे ने AI की मदद ली हो, पर उसने उस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल अपनी समझ और एनालिसिस एबिलिटी को बढ़ाने में कैसे किया, यह भी साबित करना होगा।

इसलिए भारत के सामने मुद्दा यह नहीं है कि AI एग्ज़ाम में आएगा या नहीं। असली बात यह है कि क्या भारत एक ऐसा स्मार्ट परीक्षा सिस्टम बना सकता है, जहाँ AI के रहते हुए भी इंसान की अपनी सोच, उसकी समझ, क्रिएटिविटी और क्षमता को पूरी ईमानदारी और फेयरनेस के साथ नापा जा सके?

आने वाले समय का एग्ज़ाम इंसान को AI से कॉम्पिटिशन करने के लिए नहीं उतारेगी। बल्कि यह देखेगी कि AI जैसी महाशक्ति के दौर में भी, एक इंसान अपने दम पर क्या कमाल कर सकता है।